पत्नी समेत परिवार की चार महिलाओं को मारा चाकू

गाजीपुर। पारिवारिक विवाद में युवक सुजीत सिंह के सिर पर खून सवार हो गया और पत्नी समेत चाची, बुआ, चचेरी बहन को चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया। बीच–बचाव करने पहुंचे पड़ोसियों ने सुजीत सिंह और उसकी मां को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया। घटना मंगलवार की रात करंडा थाने के रामनाथपुर की है। घायलों का प्राथमिक उपचार सीएचसी में हुआ।
सुजीत सिंह का अपने चाचा सतीश सिंह से पारिवारिक संपत्ति बंटवारे का विवाद चल रहा है। शाम को सतीश सिंह सिकंदरपुर गांव में एक परिवार में आयोजित त्रयोदशाह कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। उसी बीच सुजीत पुराने विवाद को लेकर चाची वगैरह से झगड़ने लगा। बात आगे बढ़ी तो वह चाकू लेकर उन सभी पर पिल पड़ा उसके हमले में चाची रागिनी देवी, चचेरी बहन एकता, बुआ कालिंदी को जख्मी कर दिया। उस दौरान अपनी पत्नी प्रियंका को भी वह नहीं बख्शा। दरअसल उसकी अपनी पत्नी प्रियंका से तलाक होने वाला है। पत्नी मायके से लौटकर इन दिनों उसके चाचा सतीश सिंह के घर में रह रही है। सुजीत को शक है कि उसके और पत्नी के बीच विवाद की जड़ में भी चाचा का ही परिवार है। मारपीट के मामले में दोनों पक्षों ने करंडा थाने में तहरीर दी।
ग्रामीणों के अनुसार सतीश सिंह की पुत्री एकता सिंह को सुजीत के पिता स्व. दिनेश सिंह ने एक तरह से गोद ले लिया था। सतीश सिंह ने संयुक्त परिवार में रहते हुए लगभग ढाई बीघा जमीन पिता के नाम से रजिस्ट्री कराई थी। उसमें सुजीत सिंह हिस्सा मांग रहा था। पेशबंदी में सतीश सिंह की पुत्री ने भी स्व. दिनेश सिंह की संपत्ति में हिस्सा मांग रही है। इसको लेकर परिवार में विवाद चल रहा है।