संविधान दिवस पर वकीलों ने ली शपथ

गाजीपुर। संविधान दिवस पर शनिवार को जिला पंचायत सभागार में वकीलों ने संविधान की शपथ ली। शपथ एडीएम अरुण कुमार सिंह ने दिलाई। कार्यक्रम का आयोजन अधिवक्ता परिषद ने किया था।
कार्यक्रम के प्रारंभ में भारत माता व डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यापर्ण हुआ। परिषद की सदस्य विभा राय संघ गीत प्रस्तुत कर आमंत्रितजनों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. व्यासमुनि राय ने भारतीय संविधान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान निर्माता डॉ.आंबेडकर शुरू से आरक्षण व्यवस्था के विरोधी थे। अनेक देशों के संविधान का अध्ययन कर भारत का संविधान तैयार हुआ। समय काल परिस्थिति के अनुसार इसमें सैकड़ों संशोधन भी हो चुके हैं। डॉ.राय ने इस बात पर जोर दिया कि हिंदी भाषा आज भी राज्य की भाषा है जबकि इसे राष्ट्र की भाषा बनाने की जरूरत है। उनका कहना था कि संविधान दिवस केवल संस्कृति एवं सभ्यता मनाने के लिए नहीं है बल्कि लोगों को जोड़ने के लिए मनाया जाता है। समाज का प्रबुद्धवर्ग अधिवक्ता अपने इमान को बनाए रखें। क्योंकि समाज के दबे कुचले वर्गों को न्याय दिलाने का कार्य यही वर्ग करता है। हमारा संविधान अनेकता में एकता तथा सदैव विश्व पटल पर राष्ट्र के मान को बढ़ाने के लिए जाना जाता है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि तहसीलदर सदर अभिषेक कुमार ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के बनाए संविधान में भारत एक राज्य के रूप में चित्रित है। भारत का संविधान ऐसा है, जिसमें महिलाओं को सम्मान है। बराबरी का अधिकार हासिल है जबकि लोकतंत्र का दावा करने वाले अमेरिका समेत और कई विकसित देशों में ऐसा नहीं है। आज की परिस्थितियों में यह तथ्य बार-बार उभर कर सामने आ रहा है कि गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है जबकि डॉ. भीमराव आंबेडकर गरीबों व निर्बलों को न्याय दिलाने के पक्षधर रहे हैं। अधिवक्ता सुरेश कुमार सिंह, रतन श्रीवास्तव ने भी विचार प्रकट किए। अंत में परिषद के अध्यक्ष कृपाशंकर राय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन महामंत्री जयप्रकाश सिंह ने किया।
कार्यक्रम में रीना चौधरी, रीता त्रिपाठी, क्षमा त्रिपाठी, शिवकुमार बिंद, घनश्याम दास, सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अखिलेश सिंह, अजय शंकर तिवारी, शिवमूरत पाल, समीर वत्स, राजेश यादव, सूर्यप्रकाश यादव, समीर वत्स, विप्लव रावत, प्रदीप रावत, सूर्यप्रकाश यादव, निशान्त सिंह, सदानंद दास, अभय तिवारी, राजेश पांडेय, जयप्रकाश राय, रामकुमार राय, राजेश सिंह यादव, चंद्र मोहन सिंह, राजेश पांडेय, संजय कनौजिया, दूधनाथ सिंह यादव, अनूप वर्मा, अजय आनंद, शिवांक राय, संतोष कुमार, दिनेश राय आदि उपस्थित रहे।